Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

विधानसभा में चुनाव सुधार प्रस्ताव पर चर्चा से भागी कांग्रेस, निंदा प्रस्ताव पारित

हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेते विधायक

चंडीगढ़, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान चलाने वाली कांग्रेस सोमवार को चुनाव सुधारों पर विधानसभा में चर्चा से भागती नजर आई। सदन में कांग्रेस व भाजपा के बीच तीखा हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

सत्तापक्ष जब प्रस्ताव पर चर्चा के लिए अड़ा रहा तो कांग्रेस विधायक वाकआउट कर गए। थोड़ी देर बाद वापस लौटे भी, लेकिन चर्चा जारी रहते देख फिर से सदन छोड़कर चले गए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, विपुल गोयल, महिपाल ढांडा ने कांग्रेस को जमकर घेरा। मतदाता सूची बनाने से संबंधित चल रहे चुनाव सुधारों से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा के लिए इंद्री के भाजपा विधायक राम कुमार कश्यप और असंध के भाजपा विधायक योगेंद्र सिंह राणा की ओर से जैसे ही प्रस्ताव रखा गया, कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, बीबी बत्रा, डा. रघुबीर कादियान, गीता भुक्कल और आफताब अहमद ने नियमों की दुहाई देते हुए कहा कि यह संघीय सूची का मामला है और विधानसभा में इस पर चर्चा नहीं कराई जा सकती।

कांग्रेस के तर्कों को खारिज करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लोगों और मीडिया के बीच जाकर वोट चोरी के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिस पर लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई है। चुनाव मंत्री डा. अरविंद शर्मा, शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने भी विपक्ष के आरोपों की हवा निकालने के लिए कई दलीलें दी। दोनों तरफ से चल रही नारेबाजी के बीच संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा और पूर्व मुख्यमंत्री तथा विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा में तीखी नाेक-झोंक हुई। प्रस्ताव पर चर्चा में भाजपा सरकार के मंत्री पूरी तरह हमलावर रहे। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इनका इलाज जनता ही करेगी। कृष्ण बेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक पहले भी चर्चा से भाग गए थे और आज फिर भाग गए। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा में बड़े-बड़े पोस्टर लगा रखे हैं, जिन पर वोट चोर गद्दी छोड़ लिखा है। इनके नेता को माफी मांगनी चाहिए।

प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नाम पर सिर्फ इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला मैदान में डटे रहे। उन्हें दो बार अपनी बात रखने का मौका मिला। चर्चा के बाद सदन में कांग्रेस के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया गया।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *