Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेसियाें ने जिला भाजपा कार्यालय का किया घेराव

धमतरी जिला भाजपा कार्यालय का घेराव करते हुए कांग्रेसी।

धमतरी, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नेशनल हेराल्ड मामले में अदालत से राहुल गांधी और सोनिया गांधी को बड़ी राहत मिलने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी में उत्साह का माहौल देखा गया। इसी क्रम में गुरूवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक साजिश बताते हुए धमतरी जिला भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दाैरान कांग्रेसियों ने जमकर नारे लगाए। बेरीकेड हटाने के दौरान पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच काफी धक्का-मुक्की हुई।

जिला कांग्रेस कमेटी का आरोप है कि प्रवर्तन निदेशालय की पूरी कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर की गई। बहुचर्चित नेशनल हेराल्ड केस में मंगलवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इंकार कर दिया। अदालत ने कहा कि यह चार्जशीट एक निजी शिकायत और उस पर मजिस्ट्रेट द्वारा संज्ञान लेने पर आधारित है, जबकि मनी लांड्रिंग के मामले में अपराध तभी बनता है जब सक्षम जांच एजेंसी द्वारा संबंधित अपराध दर्ज किया गया हो। अदालत के इस फैसले के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सत्यमेव जयते के नारे लगाते हुए स्टेट हाईवे से भाजपा कार्यालय की ओर कूच कर गए। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी, जिसे पार करने का प्रयास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया। कांग्रेस नेताओं ने अदालत के फैसले को सत्य की जीत बताया और कहा कि भाजपा राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और गलत मंशा के तहत राहुल गांधी और सोनिया गांधी को परेशान करने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही थी। अदालत के निर्णय से यह स्पष्ट हो गया है कि सत्य की ही जीत होती है।

इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू और अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष शरद लोहाना, मोहन लालवानी, पूर्व महापौर विजय देवांगन, वरिष्ठ नेता विपिन साहू, जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, नीलम चंद्राकर, पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार, पूर्व आयोग उपाध्यक्ष राजकुमारी दीवान, जिला कोषाध्यक्ष सलीम रोकड़िया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *