Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नव वर्ष पर निगम का पर्यटन स्थलों से बाजारों तक विशेष सफाई अभियान

निगम

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नववर्ष के जश्न को देखते हुए जयपुर नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में बढ़ने वाली पर्यटकों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर सभी जोन उपायुक्तों को अपनी-अपनी टीम के साथ फील्ड में रहकर व्यवस्थाएं संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही 10 दिवसीय स्वच्छता महाभियान के तहत भी शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के प्रयास किए गए हैं, सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी महाभियांन चलाया गया है। अवैध होर्डिग,बैनर, पोस्टर हटाने के लिए भी टीमें फील्ड में कार्यरत है। नगर निगम की ओर से पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शहर के पाँच प्रमुख पर्यटन स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। इनमें जल महल की पाल, अल्बर्ट हॉल, जलेब चैक (हवा महल के पास), पत्रिका गेट और आमेर का किला शामिल हैं। ये मोबाइल टॉयलेट 1 जनवरी की रात्रि तक आमजन के उपयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे, ताकि पर्यटकों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसी के साथ शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जगह-जगह डस्टबिन लगवाए गए हैं ताकि कचरा खुले में न फैले और शहर की स्वच्छता बनी रहे। व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने को लेकर लगातार जागरूक किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

नगर निगम आयुक्त डॉ. सैनी ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए नगर निगम की स्वच्छता प्रहरी टीम को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी क्षेत्र में गंदगी या अव्यवस्था की शिकायत मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही सभी सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है ताकि नए साल के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

निगम आयुक्त ने बताया कि इस व्यापक तैयारी का उद्देश्य जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटकों के लिए आदर्श शहर के रूप में प्रस्तुत करना है। नए साल के जश्न के दौरान शहरवासियों और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले, इसी सोच के साथ नगर निगम पूरी मुस्तैदी से मैदान में डटा हुआ है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *