जलमहल की पाल के सौंदर्यीकरण के लिए सक्रिय हुई निगम की टीम

जयपुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर पर्यटन स्थलों एवं धार्मिक स्थलों की सफाई व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण के लिए टीमों द्वारा मिशन मोड पर कार्य किया जा रहा है। इंजीनियरिंग विंग ने मंगलवार को जल महल की पाल पर चल रहे मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रवण वर्मा निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि पर्यटक सीजन एवं प्रवासी राजस्थानी दिवस के मध्यनजर शहर की खूबसूरती और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। हाल ही में पर्यटक स्थलों एवं धार्मिक स्थल एवं अन्य स्थानों पर 100 से अधिक नये डस्टबिन लगाये गये है। 270 से अधिक कचरा डिपो को हटाकर उस स्थानों का सौंदर्यीकरण किया गया है। वहीं जलमहल की पाल पर वर्तमान में रंग-रोगन एवं रिपेयरिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सतर्कता पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, अधीक्षण अभियंता किशनलाल मीणा, अधिशाषी अभियंता बहादुर सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran)



