गाजियाबाद के इंदिरापुरम में देश का पहला ऑफलाइन एआई ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शुरू

नई दिल्ली, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम में देश के पहले ऑफलाइन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट कैपओएसिस जूनियर की शुरुआत हो गई है। इस अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना का मूल उद्देश्य डिजिटल युग में शिक्षा को नई दिशा देना और छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की महत्ता से परिचित कराते हुए उन्हें समग्र तरीके से प्रशिक्षित करना है।
इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर प्रवीण मिश्रा के मुताबिक संस्थान की शुरुआत छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखते हुए ऑफलाइन, हैंड्स-ऑन और प्रैक्टिकल लर्निंग के माध्यम से एआई की वास्तविक दुनिया से परिचित कराने के इरादे से की गई है। उन्होंने बताया कि ये संस्थान छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और भविष्य की उभरती तकनीकों में दक्ष बनाकर उन्हें फ्यूचर-रेडी प्रोफेशनल बनाने की दिशा में कार्य करेगा।
संस्थान की शुरुआत के मौके पर बताया गया कि ये केंद्र देश में अपनी तरह का पहला ऐसा ऑफलाइन एआई ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है, जहां छात्रों को रियल-टाइम प्रोजेक्ट्स, प्रैक्टिकल एक्सपेरिमेंट्स और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य हर छात्र की क्षमता को पहचान कर उसे तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और उनके कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जानकारों का मानना है कि कैपओएसिस जूनियर की ये पहल भारत को एआई लिटरेसी और टेक्नोलॉजी लीडर बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। प्रवीण मिश्रा का दावा है कि इस प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से युवा वर्ग को भविष्य की नौकरियों और तकनीकी चुनौतियों के लिए बेहतर रूप से तैयार किया जा सकेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक



