Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HEADLINES

अदालत ने नेशनल हेराल्ड मामले में न्याय को बरकरार रखा : सिद्धारमैया

Cm protest

बेलगाम, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नफरत की राजनीति करने और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह बयान नेशनल हेराल्ड मामले में अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिया।

सिद्धारमैया ने बेलगाम स्थित सुवर्णा सौधा परिसर में विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) के साथ आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर आरोपपत्र को खारिज करने के ट्रायल कोर्ट के फैसले का समर्थन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केंद्र और राज्यों में जहां भी सत्ता में है, वहां कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है और उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर अपराधी के रूप में पेश किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दुर्भावनापूर्ण इरादे से झूठे मुद्दे उठाकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।

सिद्धारमैया ने कहा कि वर्तमान समय में देश में भ्रष्टाचार चरम पर है, महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पर भारी कर लगाकर देश को कर्जदार बनाया जा रहा है।

नेशनल हेराल्ड मामले का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अखबार की स्थापना वर्ष 1937 में जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से की थी और यह कांग्रेस की संपत्ति है। बाद में इसका संचालन यंग इंडियन संगठन ने संभाला। इस मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नांडीस के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद ईडी ने जांच शुरू की।

वर्ष 2012 में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया था। हाल ही में ईडी की ओर से दायर आरोपपत्र को निचली अदालत ने खारिज कर दिया है। सिद्धारमैया ने कहा कि अदालत के इस फैसले से यह स्पष्ट हो गया है कि मामला झूठा था और न्याय ने अपना पक्ष रखा है।———-

(Udaipur Kiran) / राकेश महादेवप्पा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *