Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

सांसद खेल उत्सव के अलवर में क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ आगाज, 65 टीमें लेंगी भाग

अलवर
अलवर। प्रतियोगिता का शुभारम्भ करते वन मंत्री संजय शर्मा।

अलवर , 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव द्वारा आयोजित अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 के अंतर्गत खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से कम्युनिटी क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ राज ऋषि महाविद्यालय के कॉलेज ग्राउंड में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन वन मंत्री संजय शर्मा एवं सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सागवान द्वारा किया गया।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में नयाबास और लायन किंग टीम आमने सामने रहीं, जिसमें नयाबास टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला प्रेम 11 और महाराणा प्रताप टीम के बीच खेला गया, जिसमें प्रेम 11 टीम ने बाजी मारी।

तीसरे मुकाबले में अलवर टाइगर और फूटी खेल टीम आमने सामने रहीं, जहां फूटी खेल टीम ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की।

चौथा मुकाबला परशुराम और BSR 1 टीम के बीच हुआ, जिसमें परशुराम टीम विजयी रही। वहीं पांचवां मुकाबला परशुराम और फूटी खेल टीम के मध्य खेला गया, जिसमें फूटी खेल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी जीत दर्ज की।

संयोजक रजनीश जैमन ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 65 टीमें भाग ले रही हैं। सभी मुकाबले नॉकआउट एवं लीग प्रारूप में आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे दर्शकों को रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है। प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों के लिए मैदान, पेयजल, प्राथमिक उपचार सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

उद्घाटन अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता एवं नगर निगम के पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

—————

(Udaipur Kiran) / मनीष कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *