डबोक पुलिस ने चाकू से हमला करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, जंगल से मिली सफलता

उदयपुर . थाना डबोक क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जब फ्री फायर गेम में 300 रुपये को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया. इसी दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

10 अगस्त 2025 को धमेन्द्र (पिता शंकर, निवासी भैसडा कला) ने थाना डबोक में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका छोटा भाई मोनु अपने दोस्त दीपक के साथ भैसडा कला तालाब गया था. इस दौरान छगन ने मोनु को फोन कर बताया कि आगडोडिया गांव के लड़कों के साथ विवाद हो गया है. बीच बचाव करने पहुंचे मोनु, दीपक और जीतु को वहां दोनों गांवों के कई लड़कों का आपसी झगड़ा दिखाई दिया. इसी दौरान आगडोडिया के युवक रूपलाल ने मोनु पर जानलेवा हमला करते हुए उसकी कमर पर चाकू से वार कर दिया. मोनु गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है.

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंजना सुखवाल और पुलिस उप अधीक्षक राजेन्द्र जैन के सुपरविजन में थाना डबोक के थानाधिकारी हुकम सिंह और उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग और आसूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. आरोपी रूपलाल पिता प्रथा निवासी आगडोडिया को भैसडा कला के जंगल से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्यवाही शुरू की गई है.

झगड़े की जड़ फ्री फायर मोबाइल गेम में 300 रुपये की मामूली बात थी, जिस पर दोनों पक्षों में बहस और मारपीट हो गई. आरोपी ने मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सक्रियता से वह पकड़ा गया.

Leave a Comment