नववर्ष पर खाटू में बदली दर्शन व्यवस्था, 29 दिसंबर से दाे जनवरी तक वीआईपी एंट्री बंद

सीकर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नववर्ष पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खाटूश्यामजी मंदिर की दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मंदिर कमेटी ने निर्णय किया है कि 29 दिसंबर से दाे जनवरी तक विशेष (वीआईपी) प्रवेश व्यवस्था लागू नहीं रहेगी। इस दौरान केवल प्रोटोकॉल श्रेणी के श्रद्धालुओं को ही अलग प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि अन्य सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार के माध्यम से दर्शन करने होंगे।
रींगस में नववर्ष, एकादशी एवं पांच दिवसीय खाटू श्यामजी मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के लिए एडिशनल एसपी दीपक गर्ग की अध्यक्षता में भैंरूजी मोड़ स्थित एएसपी कार्यालय में बैठक हाे चुकी है। बैठक में निर्णय किया गया कि मेले के दौरान दो दिन तक खाटूश्यामजी रोड को नो-व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। साथ ही चिकित्सा विभाग एवं फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास को सुव्यवस्थित करने तथा भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया गया। रेलवे स्टेशन रोड एवं आसपास की दुकानों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। चाय की थड़ियों पर घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पर सख्त कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यदि वाहन चालक श्रद्धालुओं से निर्धारित किराए से अधिक वसूली करते पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित



