Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

डीडीसीए ने मैचों में सहयोग के लिए दिल्ली पुलिस को 20 मोटरसाइकिलें की भेंट

दिल्ली पुलिस को मोटर साइकिल भेट करते डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली

– जस्टिस एम.एम. कुमार ओम्बड्समैन एवं एथिक्स ऑफिसर नियुक्त

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) की मंगलवार को 2025–26 सत्र की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) अरुण जेटली स्टेडियम, फिरोजशाह कोटला मैदान स्थित पंजीकृत कार्यालय में हुई। बैठक में डीडीसीसए से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक और वैधानिक प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी गई।

डीडीसीए ने एक अहम पहल करते हुए अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट मैचों के दौरान निरंतर सहयोग के लिए दिल्ली पुलिस, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट को 20 मोटरसाइकिलें भेंट कीं। यह कदम मैचों के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को और सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया है।

बैठक के दौरान सदस्यों ने विशेष प्रस्ताव पारित कर जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश माननीय जस्टिस एम.एम. कुमार को डीडीसीए का ओम्बड्समैन-कम-एथिक्स ऑफिसर नियुक्त किया। इसके अलावा चार अन्य सामान्य प्रस्तावों को भी पूर्ण बहुमत से मंजूरी दी गई, जिनमें वित्त वर्ष 2025 के ऑडिटेड वित्तीय विवरणों को अपनाना और संघ के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की पुनर्नियुक्ति जैसे वैधानिक मुद्दे शामिल रहे।

एजीएम की कार्यवाही पर प्रतिक्रिया देते हुए डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा, “वार्षिक आम बैठक डीडीसीए की लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली और सुशासन की रीढ़ है। आज लिए गए फैसले, विशेषकर ओम्बड्समैन-कम-एथिक्स ऑफिसर की नियुक्ति, पारदर्शिता, जवाबदेही और मजबूत संस्थागत व्यवस्था के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।”

इस अवसर पर रोहन जेटली ने दिल्ली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “दिल्ली में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों का सफल आयोजन दिल्ली पुलिस के साथ घनिष्ठ समन्वय के बिना संभव नहीं है। उनकी पेशेवर कार्यशैली और समय पर सहयोग से मैचों के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना आसान होता है। यह पहल हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है और जमीनी स्तर पर संचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक कदम है।”

मोटरसाइकिलें दिल्ली पुलिस, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ओर से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडिशनल डीसीपी) ऋषि कुमार सिंह ने प्राप्त कीं। उन्होंने डीडीसीए का धन्यवाद करते हुए कहा कि ये वाहन खेल आयोजनों के साथ-साथ नियमित पुलिसिंग में भी बेहतर गतिशीलता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होंगे।

इस अवसर पर डीडीसीए की उपाध्यक्ष शिखा कुमार, सचिव अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष हरीश सिंगला, संयुक्त सचिव अमित ग्रोवर सहित एपेक्स काउंसिल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संघ के सदस्यों का समर्थन और सहभागिता के लिए आभार जताया।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *