पेड़ से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

शव के साथ पुलिस और ग्रामीण

सरायकेला, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) . जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला. मृतक की पहचान 35 वर्षीय दुर्योधन मंडल के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था.

ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम किसी बात को लेकर दुर्योधन गुस्से में घर से निकल गया था. देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. गुरुवार तड़के प्रदीप मंडल की जमीन पर स्थित केंदू के पेड़ से रस्सी के सहारे उसका शव लटका हुआ मिला. यह दृश्य देखते ही ग्रामीण भौचक हो गए. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए.

उधर घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया. पुलिस ने मृतक के परिजनों और गांववालों से पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका सामने आ रही है, लेकिन पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है.

अधिकारियों ने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग विभिन्न तरह की चर्चाओं में लगे हुए हैं.

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Leave a Comment