Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

कमरे की चौखट पर फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

मृतका शबीना का फाइल फोटो।

मुरादाबाद, 13 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद महानगर के थाना कटघर थाना क्षेत्र के कबीरनगर बरवारा मझरा में विवाहिता की मौत हो गई। शनिवार दोपहर में उसका शव कमरे की चौखट पर फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फॉरेंसिक विभाग की फील्ड यूनिट से जांच पड़ताल कराने के बाद पोस्टमार्टम कराके आज रात्रि शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुर, जेठ, जेठानी, देवर, नंदोई समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।

डिलारी थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर निवासी शबीना (23) पुत्री वाजिद का निकाह 18 जून 2025 को कटघर थाना क्षेत्र के कबीरनगर बरवारा मझरा निवासी आसिफ अली के साथ हुआ था। वह गर्भवती थी। पति आसिफ करीब तीन माह पहले सऊदी अरब चला गया। यहां शबीना अपने ससुर, जेठ, जेठानी, देवर आदि के साथ रहती थी। शनिवार दोपहर दो बजे शबीना का शव उसके कमरे की चौखट पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर मायके पक्ष के लोगों ने पहुंच कर पुलिस को जानकारी दी। थोड़ी देर बाद ही सीओ कटघर वरुण कुमार, एसएचओ कटघर विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों के सामने मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम में फांसी लगाने से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि इस मामले में मृतका शबीना के पिता वाजिद ने पुलिस को तहरीर ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि जान गंवाने वाली महिला के पिता वाजिद की तहरीर पर कटघर थाने में उसके ससुर ससुर नन्हे, देवर माजिद, जेठ साजिद, जेठानी नाजमा, ननद मोटो और नंदोई खालिद के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।

पिता बोले शादी में खर्च किए थे 15 लाख

कटघर पुलिस को दी गई तहरीर में डिलारी के गांव मुस्तफापुर निवासी वाजिद ने बताया कि उन्होंने 18 जून 2025 को बेटी की शादी बहुत ही धूमधाम से की थी। करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद बेटे का ससुर नन्हे, देवर माजिद, जेठ साजिद, जेठानी नाजमा, ननद मोटो और नंदोई खालिद आदि अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करने लगे। शबीना के पिता के अनुसार शुक्रवार को रात में किसी समय ससुर, जेठ, जेठानी, ननद, नंदोई और देवर ने मिलकर शबीना की हत्या कर दी। जब मायके के लोग पहुंचे तो शबीना का शव आंगन में चारपाई पर पड़ा था। ससुराल वाले गायब थे। आरोप लगाया कि दहेज के लालच में ही ससुरालियों ने उनकी बेटी की हत्या की है।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *