Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

श्योपुर: खेत में बने कमरे में मिली युवक की गला रेती हुई लाश

खेत के कमरे में मिली युवक की लगा रेती हुई लाश, प्रदर्शन करते हुए परिजन

श्योपुर, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

श्योपुर जिले के गसवानी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई। बुधवार रात सहसराम गांव में 24 वर्षीय रिंकू धाकड़ का सरकटा शव खेत पर बने एक कमरे में मिला। पुलिस ने इसे हत्या का मामला बताया है और आशंका जताई है कि अज्ञात आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। इधर गुरुवार को युवक के ससुराल वालों ने विजयपुर–ग्वालियर हाईवे जाम कर दिया। पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद जाम खुल सका।

जानकारी के अनुसार, रिंकू धाकड़ बुधवार रात सरसों की फसल में पानी देने के लिए खेत पर गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो उसके पिता खेत पहुंचे। वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर भीतर रिंकू का शव पड़ा था, जिसका सिर धड़ से अलग था।

परिजनों की सूचना पर गसवानी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कमरे को सील कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्र में खून के निशान और वारदात में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रही है।

मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि वे धोबनी के निवासी हैं और उन्हें किसी पुरानी रंजिश की जानकारी नहीं है। पुलिस पुरानी दुश्मनी, आपसी विवाद और लूट सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

भाई और भाभी पर FIR करने की मांग

इधर मृतक के ससुराल पक्ष के लोगों ने गुरुवार को गसवानी में शव सड़क पर रखकर विजयपुर–ग्वालियर हाईवे जाम कर दिया। करीब तीन से चार घंटे तक चले इस जाम को एसडीओपी राघवेंद्र सिंह तोमर और गसवानी थाना प्रभारी रीना राजावत की समझाइश के बाद खुलवाया गया। ससुराल पक्ष की मांग थी कि मृतक की हत्या उसके भाई और भाभी ने की है जिन पर नामजद एफआईआर दर्ज की जाए।

आरोपी को जल्द करेंगे गिरफ्तार

एसडीओपी राघवेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रशांत वैष्‍णव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *