कोरबा : एनटीपीसी नहर में मिला एक साल से कम उम्र के मासूम का शव, मचा हड़कंप

कोरबा, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी नहर के तीन नंबर गेट के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर की सफाई के दौरान एक साल से कम उम्र के मासूम बच्चे का शव पानी में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी नहर में आज साेमवार सुबह नियमित सफाई कार्य चल रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मी की नजर पानी में उतराते बच्चे के शव पर पड़ी। शव दिखाई देने के बाद उसने तुरंत आसपास मौजूद लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मासूम की मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा ।
(Udaipur Kiran) /हरीश तिवारी
—————
(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी



