Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UDAIPUR

अधिस्वीकृत पत्रकार संघ की पहली बैठक सम्पन्न, समस्याओं को लेकर सीएम से मिलने का निर्णय

उदयपुर, 6 सितंबर (Udaipur Kiran News)। उदयपुर संभाग के अधिस्वीकृत पत्रकारों के संगठन अधिस्वीकृत पत्रकार संघ (आज) की पहली बैठक शनिवार को चेतक सर्किल स्थित सूचना केंद्र में आयोजित हुई। बैठक में उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ सहित पूरे संभाग के पत्रकारों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता विष्णु शर्मा हितैषी ने की, जबकि विशेष आमंत्रित अध्यक्षता चंद्रशेखर वर्मा (संपादक, अभियान आज तक पत्रिका) ने संभाली।

पत्रकार

बैठक की शुरुआत सभी पत्रकार साथियों का उपरना ओढ़ाकर सम्मान करने से हुई। इसके बाद वरिष्ठ पत्रकार और संयोजक ललित चोरड़िया ने संगठन की रूपरेखा पेश की, जिसमें संगठन के गठन, संविधान, कार्यकारिणी और आगामी बैठकों पर चर्चा की गई। सभी पत्रकारों से सुझाव लिए गए और विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

पत्रकारों ने बैठक में आरजीएचएस योजना, मेडिकल डायरी, अधिस्वीकृरण और रियायती दर पर भूखंड आवंटन से जुड़ी समस्याओं पर गहन चर्चा की। यह निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में इन मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से भेंट की जाएगी। बैठक का संचालन अरविंद मुखिया ने किया। इस अवसर पर शिवनारायण डाबी, राजेंद्र शेखर व्यास, रमेश आचार्य, नरेश शर्मा, मांगीलाल जैन, अमर सिंह चावला, कमल मानव सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

सरकार को सौंपा जाएगा ज्ञापन

बैठक में निम्नलिखित मांगों पर सहमति बनी:

  1. अधिस्वीकृत पत्रकारों को निकायों की योजनाओं में रियायती दर पर भूखंड आवंटन।

  2. पत्रकारों की आरजीएचएस योजना का विस्तार करते हुए ओपीडी सुविधा शुरू करना।

  3. अधिस्वीकृत पत्रकारों को जयपुर सचिवालय में दोपहर 2 बजे के बजाय पूरे दिन प्रवेश की अनुमति।

  4. राजस्थान के निवासी अधिस्वीकृत पत्रकारों का अधिस्वीकरण दूसरे राज्यों में तबादला होने की स्थिति में भी बरकरार रखा जाए।

  5. संभाग के जिलों में लंबित भूखंड आवंटन प्रक्रियाओं का निस्तारण किया जाए।

  6. उदयपुर संभाग के पत्रकारों के लिए रोडवेज बसों में अहमदाबाद तक निशुल्क सफर की सुविधा मिले।

  7. उदयपुर से राजसमंद होकर जयपुर रूट पर बंद हो चुकी वोल्वो बस सेवा को पुनः शुरू किया जाए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *