Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
DELHI

दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री ने रोहिणी-डी के वार्ड 54 में किया निरीक्षण

समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह अधिकारियों को निर्देश देते हुए।

नई दिल्ली, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । समाज कल्याण मंत्री एवं उत्तर पश्चिमी दिल्ली के प्रभारी रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बुधवार को रोहिणी-डी के वार्ड-54 में सफाई व्यवस्था और अन्य जन शिकायतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने एवं अतिक्रमण को लेकर जन शिकायतों को दूर करने के निर्देश दिए।

रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने लोगों की ओर से समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन और दिव्य ज्योति अपार्टमेंट के नजदीक अतिक्रमण को लेकर मिल रही शिकायतों पर निरीक्षण किया एवं उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जहां भी अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बन रही है, वहां लोगों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए उचित कार्यवाही करें।

समाज कल्याण मंत्री ने निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, नालों की सफाई तथा स्थानीय नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी भी क्षेत्र की बुनियादी जरूरत है एवं सभी नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

रविन्द्र इन्द्राज ने कहा कि दिल्ली सरकार के जन प्रतिनिधि लगातार स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण कर जन शिकायतों को दूर करने और स्वच्छता कार्यों में जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने दिल्ली के कई क्षेत्रों में विकास कार्यों को पीछे ढकेल दिया था, लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में नियमित कूड़ा संग्रहण, नालों एवं ड्रेनों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

रविन्द्र इन्द्राज ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता व्यवस्था और कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान पार्षद स्मिता कौशिक और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं।

——————-

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *