Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में घना कोहरा, 23 दिसंबर से तेज सर्दी की चेतावनी

मौसम फाइल फोटो।

जयपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान इन दिनों कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे की गिरफ्त में है। सोमवार सुबह राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। जयपुर के बाहरी क्षेत्रों में दृश्यता घटकर महज 10 मीटर तक रह गई, जबकि सीमावर्ती जिले जैसलमेर और श्रीगंगानगर में भी कोहरे का असर साफ देखा गया।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में तापमान में अस्थिरता बनी हुई है। जहां एक ओर रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं दिन के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पूर्वी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली और दौसा जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दिन के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। सबसे ठंडा दिन अलवर और करौली में रहा, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 17 और 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। करौली में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री और अलवर में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दौसा, कोटा, पिलानी, जयपुर, चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर समेत अधिकांश शहरों में तापमान 1 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। कोहरे के चलते कई स्थानों पर ‘ठंडा दिन’ की स्थिति बनी रही। दौसा में अधिकतम तापमान 23.3, सिरोही में 22.8, बारां में 23.7, गंगानगर में 21.1, पिलानी में 21.9 और कोटा में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हवाएं कमजोर पड़ने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है। कई शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा। न्यूनतम तापमान सबसे कम माउंट आबू में 7 और चित्तौड़गढ़ में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर आज भी बना रहेगा और कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 23 दिसंबर से उत्तर भारत से ठंडी हवाओं का असर बढ़ेगा, जिससे न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। साथ ही उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में फिर से घना कोहरा छा सकता है।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *