श्रीमद् भागवत कथा में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने लिया देवकीनन्दन ठाकुर का दिव्य आशीर्वाद

जयपुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मानसरोवर क्षेत्र में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा,भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण रहा। इस भव्य एवं दिव्य धार्मिक आयोजन में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सहभागिता कर देवकीनन्दन ठाकुर का प्रेरणादायी सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि महाराज के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर उन्हें गहन आध्यात्मिक शांति और आत्मिक ऊर्जा की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा न केवल मन को शुद्ध करती है, बल्कि जीवन में धर्म,भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान करती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी पावन कथाएं समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करती हैं और व्यक्ति को आत्मचिंतन एवं लोककल्याण की दिशा में अग्रसर होने का संदेश देती हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का भाव देखने को मिला।
—————
(Udaipur Kiran)



