जीत छोटी लेकिन संकेत बड़े बदलाव का: देवेंद्र यादव

नई दिल्ली, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि निगम उपचुनावों में वोट प्रतिशत में लगभग दोगुना बढ़ोत्तरी के साथ संगम विहार वार्ड में सुरेश चौधरी की जीत के साथ कांग्रेस ने जिस तरह वापसी की है, उसका श्रेय कांग्रेस के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने दिन रात मेहनत करके उपचुनाव में काम किया। कांग्रेस का वोट प्रतिशत में 6.18 प्रतिशत से बढ़कर 13.44 प्रतिशत पर पहुंचना राजनीतिक परिवर्तन का प्रमाण है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि 12 वार्डों पर जो उपचुनाव हुआ, उसमें 9 भाजपा के पास थी जिनमें वो 7 पर जीती है। इन उपचुनावों के परिणामों के बाद सामने आ गया है कि लोग एक बार फिर कांग्रेस की ओर देख रहे हैं और जहां हमारा वोट प्रतिशत दोगुना हुआ है वहीं भाजपा के वोट प्रतिशत में 2 प्रतिशत और आम आदमी पार्टी के वोट प्रतिशत में 8 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि निगम चुनाव में पिछले 10 महीने पहले बनी भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। निगम चुनाव में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिस तरह जनता के बीच झूठे वादों को भुनाने की कोशिश की, जनता ने उनको नजरअंदाज करके निगम चुनाव में मतदान करके भाजपा को करारा जवाब दिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा



