
कोरबा 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Chhattisgarh के काेरबा जिले में बालको के सेक्टर-6 में प्रस्तावित बहुमंजिला आवासीय प्रोजेक्ट जी-9 भवन निर्माण पर संकट गहरा गया है. उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा करीब पखवाड़ा भर पहले किए गए भूमिपूजन के बाद भी निर्माण आगे नहीं बढ़ सका. पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की शिकायत पर कोरबा डीएफओ ने निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है.
शिकायत में आरोप लगाया गया कि भवन निर्माण की अनुमति प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और कई आवश्यक कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं किया गया. शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएफओ प्रेमलता यादव ने 1 दिसंबर को आदेश जारी कर बालको प्रबंधन और निर्माण एजेंसी आलुवालिया कंपनी को कार्य तुरंत बंद करने के निर्देश दिए.
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जी-9 प्रोजेक्ट में राजस्व नियम, पर्यावरणीय कानून, वन संरक्षण अधिनियम, नगर नियोजन अधिनियम तथा लोक मार्ग अवरोधन से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है. उन्होंने Chief Minister और कलेक्टर को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी.
इसी के आधार पर डीएफओ ने एक जांच टीम गठित की है, जिसे सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा. प्रोजेक्ट पर रोक लगने के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है.
—————
(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी
