Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

धमतरी : कलेक्टर ने रेलवे व बस स्टैंड और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का किया निरीक्षण

रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा।

धमतरी, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । धमतरी शहर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज शहर के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वर्किंग सेंटर, बालक चौक, धमतरी रेलवे स्टेशन, अटल परिसर एवं शहर से सटे अर्जुनी क्षेत्र का भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बालक चौक स्थित नगर निगम के कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का अवलोकन किया, जहां वर्तमान में अनसोल्ड प्रॉपर्टी उपलब्ध है तथा तीसरे फ्लोर में बीपीओ स्थापित किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि यह पहल नगर निगम की आय में वृद्धि के साथ-साथ जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी। यह कॉम्प्लेक्स भविष्य में स्टार्टअप, आईटी आधारित सेवाओं एवं आधुनिक कार्य संस्कृति का केंद्र बनेगा।

इसके पश्चात कलेक्टर ने धमतरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्टेशन को सुव्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप देने के लिए प्रवेश-निकासी मार्ग, यात्री सुविधाओं, माल परिवहन (गुड्स ट्रेन) तथा रैक संचालन की संभावनाओं का परीक्षण किया गया है। रेलवे स्टेशन को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने की योजना से यातायात सुगम होगा और औद्योगिक व कृषि उत्पादों के परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि रेल पटरी का कार्य फरवरी माह तक पूर्ण होने की संभावना है तथा मार्च के अंत तक रेल परिचालन प्रारंभ हो सकता है, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी।

कलेक्टर ने शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए अर्जुनी में प्रस्तावित न्यू बस स्टैंड हेतु चयनित शासकीय भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि न्यू बस स्टैंड के निर्माण से शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा, यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी तथा धमतरी का संपर्क आसपास के जिलों एवं राज्यों से और अधिक सुदृढ़ होगा। यह बस स्टैंड भविष्य में वाणिज्यिक गतिविधियों के विस्तार का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय दण्डाधिकारी पीयूष तिवारी, उपायुक्त नगर निगम पी.सी. सर्वा, सहायक संचालक कौशल विकास शैलेंद्र गुप्ता सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में विकास कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि धमतरी शहर को सुव्यवस्थित, रोजगारोन्मुखी एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जा सके।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *