Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

धमतरी : हर घर से होनी चाहिए जल संरक्षण की शुरुआत: मीना साहू

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण।

धमतरी, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम बेलौदी में मंगलवार काे कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-जलग्रहण विकास घटक 2.0 के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। यह आयोजन जलग्रहण समिति बेलौदी, विकासखंड मगरलोड द्वारा किया गया। वाटरशेड महोत्सव में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत धमतरी की सहकारिता एवं उद्योग सभापति मीना साहू ने कहा कि जल संरक्षण की शुरुआत हर घर से होनी चाहिए। महोत्सव के मुख्य अतिथि, जनपद अध्यक्ष मगरलोड विरेन्द्र कुमार साहू ने जल और मृदा संरक्षण के लिए फसल चक्र परिवर्तन अपनाने पर जोर देते हुए ग्रामीणों से पानी बचाने और व्यापक पौधारोपण करने की अपील की। जनपद पंचायत मगरलोड के कृषि सभापति राजेश साहू ने जल की हर बूंद बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने बहते पानी को सोखता बनाकर संरक्षित करने तथा मृदा कटाव रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा भूमि संसाधन विभाग द्वारा संचालित यह प्रमुख योजना जल और मृदा संरक्षण को मजबूत करने, सतत कृषि को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण समुदायों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। महोत्सव में विद्यार्थियों द्वारा जल संरक्षण विषय पर प्रभात फेरी, रंगोली प्रतियोगिता तथा पानी की पाठशाला के माध्यम से जनजागरूकता प्रस्तुत की गई। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं।

इस अवसर पर वन सभापति जनपद पंचायत मगरलोड तिलोत्मा साहू, जनपद सदस्य अनिता देशमुख, जनप्रतिनिधि और जलग्रहण सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। वाटरशेड महोत्सव ने जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में बताया गया कि परियोजना के अंतर्गत जल और मृदा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बांधक, छोटे बांध, तालाब निर्माण, जलसंचयन कुंड, मेड़ खाई, गली रोक संरचना, बोरी बांधान तथा वृक्षारोपण जैसे कार्य प्रभावी रूप से किए जा रहे हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में जलस्तर बढ़ाने, कृषि उत्पादकता सुधारने और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *