धनश्री वर्मा ने तलाक पर तोड़ी चुप्पी, युजवेंद्र चहल संग रिश्ते का सच बताया
मुंबई, 21 अगस्त (Kiran News)। मशहूर कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा और भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल का तलाक इस साल की शुरुआत में सुर्खियों में रहा। अलगाव की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर धनश्री को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब पहली बार धनश्री वर्मा ने अपने तलाक और चहल से रिश्ते को लेकर चुप्पी तोड़ी है।

धनश्री ने बताया कि जब कोर्ट से तलाक का फैसला आया, तो वे खुद को संभाल नहीं पाईं और सबके सामने फूट-फूटकर रोने लगीं। उन्होंने कहा कि उस वक्त युजवेंद्र चहल पहले ही कोर्ट से बाहर जा चुके थे और वे लगातार रोती रहीं। धनश्री के मुताबिक, “मुझे बस इतना याद है कि मैं रो रही थी, चीख रही थी, और खुद को रोक नहीं पा रही थी।” तलाक की कार्यवाही के दौरान चहल ने जिस टी-शर्ट पर “बी योर ओन सुगर डैडी” लिखा था, उसने भी खूब विवाद खड़ा किया। धनश्री ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में हमेशा महिलाओं को ही कटघरे में खड़ा किया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि तलाक जैसी परिस्थितियों से गुज़रते समय परिपक्वता बेहद जरूरी होती है। धनश्री ने कभी भी सार्वजनिक रूप से कोई भड़काऊ बयान नहीं दिया, क्योंकि वे परिवार की गरिमा बनाए रखना चाहती थीं। उन्होंने कहा, “समाज में महिलाओं को बचपन से यही सिखाया जाता है कि हर हाल में रिश्ते निभाने होते हैं, और जब तलाक की स्थिति आती है तो उसका ठप्पा महिलाओं पर ही लगता है।”
धनश्री ने यह भी साझा किया कि शादीशुदा जिंदगी के दौरान उन्होंने चहल का हर मौके पर साथ दिया। उनका मानना है कि रिश्तों में जिम्मेदारी और भावना दोनों तरफ से निभानी चाहिए। शादी के पांच साल बाद 2025 में उनका रिश्ता तलाक के साथ खत्म हो गया।



