Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

इंदौर से रीवा के लिए शुरू हुई सीधी विमान सेवा, पहली फ्लाइट ने भरी उड़ान

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ 40 वरिष्ठ यात्रियों ने किया अपना पहला हवाई सफर
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ 40 वरिष्ठ यात्रियों ने किया अपना पहला हवाई सफर
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ 40 वरिष्ठ यात्रियों ने किया अपना पहला हवाई सफर

– मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ 40 वरिष्ठ यात्रियों ने किया अपना पहला हवाई सफर

इंदौर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से रीवा के लिए सोमवार से सीधी विमान शुरू हो गई है। देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल इंदौर पर इस अवसर पर बहुत खुशनुमा और उत्साहजनक माहौल रहा। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ विधानसभा क्षेत्र इंदौर-1 के 40 वरिष्ठ यात्री इंदौर से रीवा के लिए पहली फ्लाइट से रवाना हुए। यात्रियों ने बताया कि इससे पहले कभी हवाई यात्रा का सफर नहीं किया था। उन्होंने बताया कि हमने इससे पहले विमान को केवल हवा में उड़ते हुए ही देखा था। इंदौर से रीवा की यह पहली हवाई यात्रा इन 40 यात्रियों सहित प्रदेश के अन्य यात्रियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है।

यात्री करेंगे देव दर्शन

इंदौर एयरपोर्ट पर सोमवार की सुबह खास थी। अपनी पहली हवाई यात्रा का सफर करने के लिए श्रद्धालु यात्री समय से पहले एयरपोर्ट पर पहुँचकर इंतजार कर रहे थे। कुछ ही देर में उनका इंतजार खत्म हुआ और नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय के नेतृत्व में सभी 40 श्रद्धालु यात्री इंदौर से रीवा की पहली फ्लाइट से रीवा के लिए रवाना हो गए। मंत्री विजयवर्गीय ने इन सभी श्रद्धालुओं की हवाई यात्रा और तीर्थाटन के लिए विशेष व्यवस्था की है। विमान रीवा पहुंचने के पश्चात सभी यात्री चित्रकूट पहुँचेंगे। इसके पश्चात 23 दिसम्बर को मैहर में देवी दर्शन करेंगे और इसी दिन मैहर से वापस रीवा आकर फ्लाइट से इंदौर के लिए रवाना होंगे। सभी यात्रियों ने हवाई यात्रा और तीर्थाटन के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है। मीडिया से बात करते हुए श्रद्धालु यात्रियों ने कहा कि मंत्री विजयवर्गीय की वजह से उन्हें जीवन में पहली बार हवाई यात्रा की सौगात प्राप्त हुई और साथ में देवदर्शन का लाभ भी मिल रहा है।

रीवा का सफर होगा आसान

मंत्री विजयवर्गीय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इंदौर से रीवा के लिए हवाई सेवा उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के विशेष प्रयासों से शुरू हुई है। इससे पहले रीवा जाने में बड़ी दिक्कत होती थी। मैं स्वयं सतना जिले का प्रभारी हूं मुझे भी आसानी होगी। अब इस हवाई सुविधा के मिलने से इंदौर से रीवा की यात्रा बहुत कम समय में हो जाएगी। इस यात्रा में मेरे साथ विधानसभा क्षेत्र इंदौर- 1 के 40 श्रद्धालु यात्री भी जा रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले हवाई यात्रा नहीं की थी। सभी श्रद्धालु यात्री चित्रकूट और मैहर देवदर्शन करने के पश्चात अगले दिन रीवा से इंदौर हवाई सेवा से वापस आएंगे। इस फ्लाइट के चलने से इंदौर और रीवा दोनों के कारोबार में भी काफी वृद्धि होगी।

रीवा से उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला आए इंदौर

रीवा से इंदौर के लिए सोमवार को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला विंध्य क्षेत्र के 60 यात्रियों के साथ इंदौर पहुँचे। श्रद्धालु इंदौर से महाकालेश्वर एवं ओंकारेश्वर देवदर्शन करेंगे। इस हवाई सेवा के शुरू होने से इंदौर में रहने वाले विंध्य क्षेत्र सतना, सीधी, शहडोल, मऊगंज के हजारों लोगों को बेहतर हवाई सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही इंदौर से रीवा के लिए शुरू होने वाली फ्लाइट के लिए इंडिगो में बुकिंग शुरू हो चुकी है। रीवा एयरपोर्ट से यात्रा प्रारंभ करने वाले यात्रियों को इंदौर के रास्ते दूसरे देशों की फ्लाइट से कनेक्ट किया जाएगा।

—————-

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *