लावारिश नवजात शिशु को कुत्ते ने बनाया निवाला, वीडियो वायरल

कानपुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक लावारिश नवजात शिशु को कुत्ता नोच-नोचकर खा रहा था। इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गई है।
घटना चौबेपुर अंतर्गत विकासखंड कार्यालय के पास की है। यहां पर बाउंड्री के पास एक नवजात शिशु के शव को एक कुत्ता नोच-नोच कर खा रहा था। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस वीडियो में बच्चे की नाल तक नहीं कटी थी। यह वीडियो सोमवार देर शाम का बताया जा रहा है। हालांकि सोशल मीडिया पर यह वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ।
इस घटना के बाद इलाकाई लोगों में रोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि जन्म के बाद बच्चे को इस तरह से फेंक देना अपराध है। पुलिस दोषियों को ढूंढ कर उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करे। ताकि भविष्य में इस तरह के अपराध काे दाेहराया न जा सके।
चौबेपुर थाना प्रभारी आशीष चौबे ने मंगलवार काे बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही इस घटना के गुनहगार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप



