Skip to content
Monday, 23 November 2026
BREAKING
HEADLINES

हिमाचल में तड़के दो बार डोली धरती, चंबा में भूकंप के झटकों से दहशत

चंबा, 21 अगस्त (Kiran News)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार सुबह एक घंटे के भीतर दो बार भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, पहला झटका सुबह 3:27 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.3 मापी गई। इसके बाद 4:39 बजे, 4.0 तीव्रता का दूसरा तेज झटका महसूस हुआ। हालांकि, किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन लोग भयभीत हैं और प्रशासन सतर्क है।

Earthquake

सुबह 3:27 बजे आए पहले भूकंप की तीव्रता कम थी, लेकिन इससे चंबा के लोग नींद से जाग उठे। एनसीएस के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 32.87 उत्तरी अक्षांश और 76.09 पूर्वी देशांतर पर, 20 किलोमीटर गहराई में था। स्थानीय लोगों ने बताया कि झटके हल्के थे, लेकिन कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया।

पहले झटके के बाद लोग संभले भी नहीं थे कि सुबह 4:39 बजे फिर से तेज झटका महसूस हुआ। इस बार तीव्रता 4.0 रही, जिसने चंबा के कई इलाकों में लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। फिलहाल कोई बड़ा नुकसान सामने नहीं आया है, पर प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह सतर्क हैं।

भूकंप के इन झटकों ने हिमाचल में हाल की प्राकृतिक आपदाओं की याद दिला दी है। कुल्लू के लघाटी इलाके में हाल ही में बादल फटने से भारी तबाही मची थी। डिप्टी कमिश्नर तोरुल एस. रविश के अनुसार, भूतनाथ ब्रिज के पास सड़क क्षतिग्रस्त हुई, पुल बह गए और कई दुकानें व घर बर्बाद हुए।

मॉनसून की मार से बड़ा नुकसान

इस वर्ष हिमाचल प्रदेश में मॉनसून ने जमकर कहर बरपाया है। हिमाचल प्रदेश स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एचपीएसडीएमए) के मुताबिक, 20 जून से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 276 लोगों की जान गई है। इनमें 143 की मौत भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने और डूबने से, जबकि 133 सड़क हादसों में जान गंवा बैठे। प्रदेश में अब तक 2211.64 करोड़ रुपये से अधिक की सार्वजनिक और निजी संपत्ति, कृषि, बागवानी और बुनियादी ढांचे को नुकसान हुआ है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *