Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
WORLD

हांगकांग में दुबई का मालवाहक विमान दुर्घटना का शिकार, दो की मौत, चालक दल के चारों सदस्य सुरक्षित

दुर्घटनाग्रस्त कार्गो विमान समुद्र में। फोटो - साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट

हांगकांग, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हांगकांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार तड़के दुबई से आया एक मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। किस्मत से चालक दल के चारों सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि चालक दल के सदस्यों को अस्पताल भेजा गया है।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, यह विमान (ईके9788) दुबई की सरकारी एयरलाइन कंपनी एमिरेट्स का है। मालवाहक उड़ान तड़के लगभग 3ः50 बजे उतरते समय रन-वे पर फिसल कर एक ग्राउंड सर्विस वाहन से टकराते हुए समुद्र में पलट गई। यह हादसा उत्तरी रन-वे पर हुआ। इस रन-वे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, लगभग 3.50 बजे, दुबई से आ रहा एमिरेट्स का विमान EK9788 उतरते समय रनवे से फिसल गया। पुलिस ने बताया कि विमान के एक ग्राउंड सर्विस वाहन से टकराने का संदेह है। पुलिस के अनुसार, यह विमान ग्राउंड वाहन को रौंदते हुए अपने साथ घसीटता हुआ समुद्र में जा गिरा। ग्राउंट वाहन में सवार दो लोगों को समुद्र से निकाला गया। इनमें से एक की बाहर निकालते ही सुबह 5ः55 पर मौत हो गई। दूसरे ने सुबह 6ः26 बजे नॉर्थ लांताऊ अस्पताल में दम तोड़ दिया। इनमें से एक की आयु 30 और दूसरे की 41 बताई गई है।

अधिकारियों के अनुसार, हांगकांग हवाई अड्डा प्राधिकरण आधिकारिक रूप से सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में हादसे की जानकारी देगा। उधर, हवाई अड्डा प्राधिकरण की वेबसाइट के अनुसार, अब तक 12 कार्गो उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। इनमें से सुबह सुबह 7 बजे उतरने वाली तेल अवीव के चैलेंज एयरलाइंस की 5सी852, एंकरेज और लॉस एंजिल्स से एटलस एयर की 5 वाई 8902 और दोहा से एयरब्रिज कार्गो एयरलाइन की आरयू 8409 शामिल हैं।

इस दुर्घटना से यात्री उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ता दिख रहा है। मध्य रन-वे और दक्षिणी रन-वे चालू हैं। नागरिक उड्डयन विभाग का कहना है कि वह इस घटना को लेकर बेहद चिंतित है। विमानन कंपनी एमिरेट्स सहित विभिन्न पक्षों से संपर्क किया गया है। परिवहन विभाग के एक प्रवक्ता ने दो ग्राउंड स्टाफ सदस्यों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रवक्ता ने कहा कि उड़ान सुरक्षा सर्वोपरि है और वायु दुर्घटना जांच प्राधिकरण हादसे के कारणों की समुचित जांच करेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *