Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JAMMU & KASHMIR

जम्मू परेड ग्राउंड में धूमधाम से मनाया जाएगा दशहरा, शोभायात्रा और रावण दहन की तैयारियां पूरी

जम्मू परेड ग्राउंड में धूमधाम से मनाया जाएगा दशहरा, शोभायात्रा और रावण दहन की तैयारियां पूरी

जम्मू, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जम्मू पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक यूधवीर सेठी ने प्रेस वार्ता कर घोषणा की कि इस वर्ष का दशहरा उत्सव परेड ग्राउंड में भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं ताकि यह पर्व यादगार और उत्साहपूर्ण बन सके। उन्होंने जानकारी दी कि पारंपरिक शोभायात्रा दीवान मंदिर से प्रारंभ होगी और शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी। शोभायात्रा में सजे-धजे रथों पर भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

सेठी ने बताया कि स्थानीय कलाकार भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की भूमिका निभाते हुए परेड ग्राउंड में रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल एक धर्म ही नहीं बल्कि जीवन जीने की पद्धति है, जो सभी प्राणियों के प्रति सम्मान, सत्य की खोज और करुणा का मार्ग दिखाता है। उन्होंने आगे कहा कि दशहरा हमें यह सिखाता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न लगे, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है। यही शाश्वत संदेश हमें नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि सनातन धर्म नाटक समाज लगातार रामलीला और दशहरा उत्सव को और भव्य बनाने के लिए मेहनत कर रहा है। यह पर्व अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। विधायक ने जम्मू-कश्मीर की जनता को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में लोग शोभायात्रा में भाग लेकर इसे सफल बनाएं। इस अवसर पर सनातन धर्म नाटक समाज के अध्यक्ष अनिल मसूम, महासचिव कुलभूषण शर्मा और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। अनिल मसूम ने कहा कि यह पर्व न केवल समाज को जोड़ता है बल्कि नई पीढ़ी को सनातन धर्म के मूल्यों और भगवान राम की विरासत से भी परिचित कराता है।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *