Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

ई-केवाईसी, भूमि एवं आधार जोड़ अनिवार्य, तभी मिलेगी पीएम किसान की किस्त

पंजीयन कराते हुए ग्रामीण।

धमतरी, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को समय पर किस्त की राशि प्राप्त हो, इसके लिए ई-केवाईसी, भूमि जोड़ तथा आधार जोड़ की प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य है। इन आवश्यक प्रक्रियाओं के पूर्ण होने पर ही भारत सरकार द्वारा किसानों के खातों में किस्त की राशि जारी की जाती है।

इसी क्रम में 19 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योजना की 21वीं किस्त की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की गई। पिछले माह धमतरी जिले के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में जिले के 96 हजार 296 किसानों को कुल 19 करोड़ 25 लाख 92 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में प्रदान की गई। आधार जोड़ के लिए बैंक या डाकघर में संपर्क करें आधार जोड़ की प्रक्रिया के लिए किसान अपनी संबंधित बैंक शाखा में संपर्क कर सकते हैं। जिन किसानों का आधार आधारित बैंक खाता नहीं है, वे डाकघर में नया खाता खुलवाकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। राष्ट्रीय भुगतान प्रणाली द्वारा आधार जोड़ की जानकारी अद्यतन होने के पश्चात् आगामी किस्त की राशि स्वतः खाते में प्राप्त होगी।

लंबित किस्तें भी मिलेंगी एक साथ जिन किसानों को किसी कारणवश पूर्व की किस्तों की राशि प्राप्त नहीं हो सकी है, वे ई-केवाईसी, भूमि जोड़ एवं आधार जोड़ की प्रक्रिया पूर्ण करने पर लंबित किस्तों की राशि आगामी किस्त में एकमुश्त प्राप्त कर सकेंगे।

संदेह की श्रेणी वाले प्रकरणों का करें सत्यापन:

भारत सरकार द्वारा ऐसे किसान परिवार, जिनमें एक ही राशन कार्ड पर पति-पत्नी दोनों को पूर्व में योजना का लाभ मिला है, उन्हें संदेह की श्रेणी में रखा गया है। ऐसे मामलों का सत्यापन किसान स्वयं, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से कर सकते हैं।

उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सुनिश्चित करें।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *