Skip to content
Tuesday, 24 November 2026
BREAKING
WORLD

ईरान में बिना हिजाब गाने पर महिला सिंगर को मिली सजा, लगाए जाएंगे 74 कोड़े

तेहरान, 24 नवंबर: ईरान में एक म्यूजिक प्रोग्राम के दौरान बिना हिजाब गाए जाने पर सिंगर परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। उनकी प्रोडक्शन टीम के चार अन्य सदस्यों को भी यही सजा दी गई है। इन पांचों को अश्लील और अनैतिक माना जाने वाला कंटेंट बनाने और पब्लिश करने का दोषी ठहराया गया है।

ईरानी न्यूज वेबसाइट इम्तेदाद के मुताबिक, यह जानकारी वकील मुस्तफा नीली ने दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अहमदी और उनकी टीम के सदस्यों पर दो साल के लिए किसी भी आर्टिस्टिक और म्यूजिकल एक्टिविटी में हिस्सा लेने और विदेश जाने पर भी बैन लगा दिया गया है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि वकील नीली इन सभी पांचों आरोपियों के वकील हैं या नहीं।

परस्तू अहमदी के कॉन्सर्ट में क्या हुआ था?

यह पूरा मामला दिसंबर 2024 में हुए एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट से जुड़ा है। परस्तू अहमदी ने मेल म्यूजिशियंस के साथ यह परफॉर्मेंस दी थी और इसकी रिकॉर्डिंग यूट्यूब पर रिलीज की गई थी। खास बात यह रही कि परफॉर्मेंस के दौरान सिंगर ने ईरान के अनिवार्य हिजाब नियमों का पालन नहीं किया था। इस कॉन्सर्ट को कोम शहर के पास ऐतिहासिक ‘दीर-ए गचीन’ कारवां सराय में शूट किया गया था, जो ऐतिहासिक रूप से मुसाफिरों के ठहरने की जगह हुआ करती थी।

  • कॉन्सर्ट को हल्की रोशनी वाले एक स्टेज पर शूट किया गया था।
  • स्टेज पर एक बड़ा पर्शियन कारपेट बिछाया गया था।
  • इस इवेंट के दौरान कोई लाइव ऑडियंस मौजूद नहीं थी।
  • परस्तू अहमदी ने काले रंग के लंबे कपड़े पहने थे और उनके बाल खुले हुए थे।
  • उन्होंने मेल म्यूजिशियंस के साथ मिलकर परफॉर्म किया था।

इस वीडियो को ऑनलाइन काफी व्यूज मिले और ईरान में महिला कलाकारों के पब्लिक परफॉर्मेंस पर लगी पाबंदियों को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई।

ईरानी न्यायपालिका ने इस घटना का संज्ञान लिया और इसे देश के कानूनी व धार्मिक नियमों का उल्लंघन बताया। न्यायपालिका से जुड़ी मिजान न्यूज एजेंसी ने इसे एक अवैध कॉन्सर्ट करार दिया, जिसके बाद अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम पर केस दर्ज कर लिया गया।

क्या थे आरोप और क्या मिली सजा?

परस्तू अहमदी और उनकी टीम के सदस्यों पर सार्वजनिक नैतिकता का उल्लंघन करने और ऐसा कंटेंट बनाने व फैलाने का आरोप लगाया गया, जिसे प्रशासन ने अश्लील और अनैतिक माना था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जून में अदालत ने सभी को 74 कोड़े मारने की सजा सुनाई थी। सितंबर में अपील के बाद भी इस सजा को बरकरार रखा गया।

शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया था कि परस्तू अहमदी, म्यूजिशियंस और प्रोडक्शन टीम के सदस्यों समेत कुल नौ लोगों को सजा सुनाई गई थी। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि बाकी चार लोगों को भी कोड़े मारने की सजा दी गई है या नहीं। अक्टूबर में, एमनेस्टी इंटरनेशनल ने ईरानी अधिकारियों से इस सजा को रोकने की अपील की थी और इसे क्रूर, अमानवीय व अपमानजनक बताया था।

ईरान में क्या हैं हिजाब से जुड़े नियम?

ईरान में महिलाओं के लिए पब्लिक जगहों पर अपने बाल ढकना अनिवार्य है। 2022 में पुलिस हिरासत में महसा अमीनी की मौत के बाद यह कानून पूरे देश में बड़े विरोध-प्रदर्शनों की वजह बना था। कुर्दिश-ईरानी महिला अमीनी को ड्रेस कोड का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और हिरासत में ही उनकी मौत हो गई थी।

इसके बाद महिलाओं की आजादी और हिजाब पहनने की मर्जी के अधिकार को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। तब से, तेहरान समेत कई बड़े शहरों में बहुत सी महिलाएं पब्लिक जगहों पर बिना हिजाब के नजर आने लगी हैं। हालांकि, ऐसा लगता है कि अब हिजाब नियमों पर सख्ती कुछ चुनिंदा मामलों तक ही सीमित रह गई है।

ईरान में महिलाओं के पब्लिक परफॉर्मेंस पर भी कई पाबंदियां हैं, खासकर सोलो महिला कलाकारों के लिए। ऐसे में, परस्तू अहमदी के कॉन्सर्ट ने इन पाबंदियों को दो तरह से चुनौती दी—उन्होंने न सिर्फ हिजाब के अनिवार्य नियम को दरकिनार किया, बल्कि मेल म्यूजिशियंस के साथ मिलकर परफॉर्म भी किया।

ईरान में बिना हिजाब गाने पर महिला सिंगर को मिली सजा, लगाए जाएंगे 74 कोड़े

Share