Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

जोधपुर में कोहरे का असर : अहमदाबाद, दिल्ली और मुंबई से आने वाली फ्लाइट हुई लेट

jodhpur

विजिबिलिटी बेहद कम हुई , जोधपुर एयरपोर्ट पर बढ़ी यात्रियों की मुश्किलें

जोधपुर, 23 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जोधपुर के आसमान में इन दिनों घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है, जिसका सीधा असर हवाई यातायात पर देखने को मिल रहा है। कम दृश्यता के चलते जोधपुर एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग में दिक्कतें आ रही हैं, जिससे दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से आने वाली फ्लाइटें देरी का शिकार हो गई हैं।

एयरपोर्ट से प्राप्‍त जानकारी के अनुसार दिल्ली से जोधपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई2411 अपने तय समय से लेट आई। इसी तरह मुंबई-जोधपुर रूट की फ्लाइट 6ई5142 भी देरी से पहुंची। अहमदाबाद से जोधपुर आने वाली फ्लाइट 6ई7074 भी कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण समय पर लैंड नहीं कर पाई। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, जब तक मौसम में सुधार नहीं होता और दृश्यता बढ़ती नहीं है, तब तक विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो पाएगी।

फ्लाइट्स के लेट होने का असर जोधपुर से बाहर जाने वाले यात्रियों पर भी साफ नजर आ रहा है। कई यात्री सुबह से ही जोधपुर एयरपोर्ट पर अपनी फ्लाइट के इंतजार में बैठे रहे। कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से बाहर जाना था, लेकिन फ्लाइट लेट होने के कारण उनकी आगे की प्लानिंग भी प्रभावित हो गई है। वहीं, एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढऩे से वेटिंग एरिया में भीड़ का माहौल दिखाई दिया।

मौसम साफ होने तक फ्लाइट शेड्यूल पर संशय

एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस की जानकारी दी जा रही है और समय-समय पर अपडेट किए जा रहे हैं। हालांकि, मौसम पर निर्भरता के कारण अभी फ्लाइट के सही समय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय कोहरे की स्थिति ज्यादा गंभीर रहती है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो जाती है। फिलहाल, जोधपुर एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस यात्रियों से अपील कर रहे हैं कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें, अनुकूल मौसम होने पर सभी उड़ान लैंड कर अपने शहरों के लिए उड़ान भरेगी।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *