पानीपत में बदमाशों का एनकाउंटर : एक घायल, तीन गिरफ्तार

-पुलिस ने किया फिरौती मांगने वाले गिरोह का खुलासा
पानीपत, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । थाना इसराना क्षेत्र के गांव नौल्था के पास रविवार देर रात सीआईए-1 पानीपत एवं सोनीपत एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बदमाशों के साथ मुठभेड़ की। एनकाउंटर में एक बदमाश शहमालपुर निवासी परमीत के पैर में गोली लगी। घायल को पानीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके तीन साथी देवेंद्र, साहिल और अमन को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए बदमाश वही हैं, जिन्होंने हाल ही में पानीपत सेक्टर-12 निवासी व्यापारी यशपाल गर्ग को धमकी दी थी कि वह बंबीहा गैंग के सदस्य हैं और ढाई करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। व्यापारी द्वारा कॉल बंद करने के बाद आरोपिताें ने एक वॉइस मैसेज भी भेजा था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया किआरोपिताें के पास से दो विदेशी पिस्टल, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के अन्य सदस्य कहां छिपे हैं और उन्होंने किन वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा



