EPFO की सर्विसेज में होने जा रहे बड़े बदलाव, करोड़ों कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

उदयपुर, 26 नवंबर: प्रोविडेंट फंड (PF) कटवाने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) 2027 तक अपनी सर्विसेज में बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। अब खाताधारक UPI और ATM के जरिए भी PF का पैसा निकाल सकेंगे। इसके अलावा, रिटायरमेंट पर सारा पैसा एक साथ निकालने के बजाय कर्मचारी इसे मंथली, तिमाही या छमाही किस्तों में भी ले सकेंगे।
19 नवंबर को हुई सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में EPFO ने पैसे निकालने से जुड़े कई अहम बदलावों को मंजूरी दी। इसमें PF अकाउंट में मिनिमम बैलेंस की शर्त को 25% से घटाकर 10% करना और फाइनल विड्रॉल के लिए वेटिंग पीरियड को 12 महीने से घटाकर सिर्फ दो महीने करना शामिल है।
इसके साथ ही, EPFO अपने टेक्निकल सिस्टम को ‘EPFO 3.0’ के तहत पूरी तरह मॉडर्न बनाने पर काम कर रहा है। आइए जानते हैं वो 4 बड़े बदलाव, जिनसे PF खाताधारकों को सीधा फायदा होगा:
1. EPFO 3.0 से पूरी तरह बदल जाएगा सिस्टम
EPFO अपने टेक्निकल इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करके ‘EPFO 3.0’ ला रहा है। इसका मकसद PF अकाउंट संभालना आसान बनाना और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया को तेज करना है। इस नए सिस्टम को अगले 50 सालों में लगभग 200 करोड़ कर्मचारियों का डेटा संभालने के हिसाब से तैयार किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, EPFO 3.0 फरवरी 2027 में लॉन्च हो सकता है। इससे पूरी सर्विस पेपरलेस हो जाएगी और कोर बैंकिंग जैसा एक सेंट्रलाइज्ड सिस्टम बनेगा। इसके बाद अगर कोई कर्मचारी दूसरे शहर में नौकरी बदलता है, तो भी उसे रीजनल ऑफिसों के चक्कर काटे बिना PF की सारी सुविधाएं मिलती रहेंगी।
2. क्या UPI और ATM से भी निकलेंगे पैसे?
PF खाताधारकों को जल्द ही पैसे निकालने के लंबे ऑनलाइन क्लेम प्रोसेस से छुटकारा मिल सकता है। EPFO अब UPI के जरिए पैसे निकालने की सुविधा शुरू करने की तैयारी में है, जिसके लिए BHIM ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
रिपोर्ट्स का कहना है कि UPI की यह सुविधा दिसंबर 2026 के आखिर तक शुरू हो सकती है। इसके जरिए खाताधारक अपना कुल बैलेंस, निकालने लायक रकम और खाते में रखने वाली जरूरी मिनिमम रकम देख सकेंगे। हालांकि, ATM से पैसे निकालने की सुविधा कब शुरू होगी, इसकी कोई पक्की तारीख अभी तय नहीं है, इसलिए शुरुआत UPI से होने की उम्मीद है।
3. रिटायरमेंट के बाद हर महीने पैसे निकालने की सुविधा
EPFO के नए प्रस्ताव के तहत, कर्मचारियों को रिटायरमेंट पर अपना पूरा फंड एक साथ निकालने की मजबूरी नहीं होगी। रिटायर्ड कर्मचारी हर महीने, हर तीन महीने या छह महीने में पैसे निकाल सकेंगे। खास बात यह है कि पैसे निकालने के बाद खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहेगा। मेंबर्स चाहें तो एक हिस्सा एक साथ निकाल सकते हैं और बाकी किस्तों में ले सकते हैं। यहां तक कि सिर्फ ब्याज के बराबर की रकम निकालने का विकल्प भी मिलेगा।
शुरुआत में 55 साल से ज्यादा उम्र के उन करीब 6.32 लाख मेंबर्स को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है, जिनके PF खाते में 5 लाख रुपये से ज्यादा हैं। अगर किसी मेंबर की मौत हो जाती है, तो नॉमिनी या परिवार के लोग बची रकम एक साथ निकाल सकेंगे या किस्तें चालू रख सकेंगे। हालांकि, इस सुविधा को लागू करने के लिए स्कीम में जरूरी बदलाव किए जाने बाकी हैं।
4. बाकी लोग भी PF में डाल सकेंगे पैसे
EPFO अब सैलरी पाने वाले कर्मचारियों के अलावा दूसरे लोगों को भी PF में योगदान करने का मौका देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जुड़ी एक ऐसी सुविधा बनाई जाएगी, जिससे कोई भी व्यक्ति अपनी मर्जी से अपने PF खाते में पैसे जमा कर सकेगा।
EPFO की सर्विसेज में होने जा रहे बड़े बदलाव, करोड़ों कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
