Skip to content
Thursday, 26 November 2026
BREAKING
Cold

राजस्थान में मौसम: एक हफ्ते तक जारी रहेगा शीतलहर का दौर, फतेहपुर में पारा 4.7 डिग्री पहुंचा

जयपुर, 26 नवंबर, 2026 (उदयपुर किरण) : राजस्थान में बुधवार को भी कड़ाके की ठंड का असर बना रहा। बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर राज्य के लगभग सभी शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने और शीतलहर का असर बने रहने का अनुमान जताया है।

बुधवार को शेखावाटी, बीकानेर संभाग और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, खासकर भरतपुर और जयपुर संभाग में सर्द हवाओं का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला।

सीकर जिले का फतेहपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां लगातार तीसरे दिन पारा 5 डिग्री से नीचे रहा। वहीं नागौर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान में मौसम: एक हफ्ते तक जारी रहेगा शीतलहर का दौर, फतेहपुर में पारा 4.7 डिग्री पहुंचा

अगले सात दिनों तक साफ रहेगा मौसम

मौसम जानकारों के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा, जबकि दिन में खिली धूप से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

जयपुर में सीजन की सबसे ठंडी रात

जयपुर में बुधवार शाम को चली ठंडी हवाओं ने रात में सिहरन बढ़ा दी। शहर का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 11.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिन में खिली धूप निकलने और हवाओं की रफ्तार धीमी रहने से लोगों को सर्दी से राहत मिली।

कोटा में तापमान 11 डिग्री से नीचे गिरा

कोटा में भी रात के पारे में और गिरावट दर्ज की गई। इस सीजन में पहली बार यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से नीचे गिरकर 10.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो पहले 12 डिग्री था।

अधिकतम तापमान भी 28.7 डिग्री से गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस रह गया।

अजमेर में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री

अजमेर में बुधवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। यहां अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात और अलसुबह हल्की ठंड का असर बना रहा।

सीकर सबसे ठंडे शहरों में शुमार

सीकर में रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है और पिछले छह दिनों से लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री और न्यूनतम 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ गई।

अलवर में भी बढ़ी सर्दी

अलवर में धीरे-धीरे ठंड का असर जोर पकड़ रहा है। अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय पारे में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई।

उदयपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.6 डिग्री पर पहुंचा

उदयपुर में भी सर्दी का सितम जारी रहा। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को यहां के न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट आई और यह 9.7 डिग्री से फिसलकर 8.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

हालांकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री से मामूली बढ़कर 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जोधपुर में रात का पारा 12.2 डिग्री पहुंचा

जोधपुर में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिखा। शहर का न्यूनतम तापमान इस सीजन में पहली बार 12.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जो इससे पहले 14 डिग्री था।

शाम को चली हल्की ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई, वहीं दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट का रुख देखने को मिला।

राजस्थान में मौसम: एक हफ्ते तक जारी रहेगा शीतलहर का दौर, फतेहपुर में पारा 4.7 डिग्री पहुंचा

Share