Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

भारत-विरोधी राजनीति का मंच बन चुका है राहुल गांधी का हर विदेश दौराः भाजपा

भाजपा महासचिव तरुण चुग

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने बर्लिन में दिए गए राहुल गांधी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। चुग ने कहा कि राहुल का हर विदेश दौरा अब भारत-विरोधी राजनीति का मंच बन चुका है।

चुग ने मंगलवार को यहां मीडियाकर्मियों से कहा कि विदेशी धरती पर भारत की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना राजनीतिक आलोचना नहीं, बल्कि देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित कोशिश है। बर्लिन में यह कहना कि भारत में कुछ भी निष्पक्ष नहीं है और संस्थाओं पर कब्ज़ा कर लिया गया है, लोकतंत्र पर हमला है, भारत की छवि को धूमिल करने की कोशिश है।

भाजपा महामंत्री चुग ने कहा कि राहुल विपक्ष के नेता नहीं, बल्कि प्रोपेगंडा के नेता, पर्यटन के नेता और पलायन की राजनीति के नेता बन चुके हैं। वह जहां जाते हैं, आरोप लगाते हैं और फिर जवाबदेही से भाग जाते हैं। देश की संस्थाओं, लोकतांत्रिक ढांचे और शासन प्रणाली को लगातार अपमानित करना उनकी राजनीतिक पहचान बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार का कार्यकाल देश की लूट और घोटालों के काले अध्याय के रूप में दर्ज है, उन्हें आज नैतिकता का पाठ पढ़ाने का कोई अधिकार नहीं है। 2जी घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला, कोयला घोटाला और नेशनल हेराल्ड जैसे मामलों ने कांग्रेस शासन की सच्चाई उजागर की थी। ऐसे लोग आज भारत पर सवाल उठाएं, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

चीन को लेकर राहुल की टिप्पणियों पर चुग ने कहा कि चीन का महिमामंडन करने से पहले राहुल को अपनी पार्टी और अपने शासनकाल का रिकॉर्ड देखना चाहिए। संप्रग काल में कमजोर नीतियां, दिशाहीन शासन और निराशा का माहौल था। आज मोदी सरकार में भारत ‘मेक इन इंडिया’, वित्तीय अनुशासन और निर्णायक सुधारों के साथ दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन चुका है। डर और विभाजन की राजनीति देश स्वीकार नहीं करेगा।

————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *