Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

बालाघाट में नक्सली डंप से पहली बार लाखों रुपये बरामद, विस्फोटक और आधुनिक हथियार भी मिले

नक्सली डंप से रुपये विस्फोटक और आधुनिक हथियार

बालाघाट/भोपाल, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने जंगल में छिपाए गए नक्सली डंप से लाखों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद किए हैं। जिले में यह पहला मौका है, जब किसी नक्सली डंप से इतनी मात्रा में नकदी मिली है।

बालाघाट पुलिस ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में इस कार्रवाई की जानकारी दी। बताया गया कि इस साल नवंबर से दिसंबर के बीच कुल 13 नक्सलियों ने अलग-अलग समय पर आत्मसमर्पण किया था। इनमें एक, 10 और दो नक्सलियों के समूह शामिल थे। आत्मसमर्पण के बाद पूछताछ के दौरान इन नक्सलियों ने जिले के अलग-अलग जंगली इलाकों में छिपाए गए नक्सली डंप की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों की टीम ने जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए डंप को बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार डंप से कुल 11 लाख 57 हजार 385 रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा चार सेमी-ऑटोमैटिक राइफल, एक ग्रेनेड लॉन्चर, एक बोल्ट एक्शन राइफल और आठ पंप एक्शन सिंगल शॉट राइफल भी मिली हैं। बरामद सामग्री में एक देसी कट्टा, 451 राउंड कारतूस, 26 मैगजीन, क्लेमोर माइंस पाइप, 500 ग्राम बारूद और करीब 16 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री शामिल है। इसके साथ ही 22 मेटल स्पाइक्स, दो किलोग्राम बोल्ट और छर्रे भी मिले हैं। इसके अलावा पांच इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, वोल्ट मीटर, बैटरी सेल, स्टेथेस्कोप, बीपी मशीन और जीवन रक्षक दवाएं भी बरामद की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, डंप से टेंट का सामान, नक्सली वर्दी, पिट्ठू बैग, नक्सल साहित्य, राशन और खाना पकाने का सामान, हथियारों की देखरेख से जुड़ी सामग्री और ड्रिल मशीन जैसी कई अन्य वस्तुएं भी मिली हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है और आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *