Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

फरीदाबाद : बिना मान्यता वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई : बंसत कुमार

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार का स्वागत करते अधिकारी।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने संभाला अपना पदभार

फरीदाबाद, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) के रूप में बसंत कुमार ने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने साफ किया कि जिले में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और शिक्षा निदेशालय के आदेशों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। साथ ही उनकी प्राथमिकता सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना होगी। बसंत कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को कैसे और अधिक बेहतर बनाया जा सकता है, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों की पढ़ाई, सुविधाओं और शैक्षणिक माहौल को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्र हित ही विभाग का मुख्य लक्ष्य है और सभी निर्णय विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखकर लिए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूलों में अच्छा और सकारात्मक वातावरण विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाता है। फिलहाल उन्होंने जिले का चार्ज संभाला है और जल्द ही फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में मौजूद कमियों, संसाधनों की स्थिति और शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी तथा कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता विद्यार्थियों के ऑल राउंड अचीवमेंट और ऑल राउंड डेवलपमेंट यानी संपूर्ण विकास पर केंद्रित रहेगी। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को सामाजिक मूल्यों, नैतिक शिक्षा, अनुशासन और अच्छाई-बुराई के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इस दिशा में अध्यापकों को भी स्पष्ट गाइडलाइन दी जाएगी, ताकि वे पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण पर भी काम कर सकें। साथ ही दोहराया कि जिले में यदि कोई भी स्कूल बिना मान्यता के संचालित पाया गया, तो उसे किसी भी सूरत में चलने नहीं दिया जाएगा। ऐसे स्कूलों के खिलाफ विभाग को पत्र लिखकर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *