फरीदाबाद : निगम की टीम ने सात दिनों में 40 गौवंश गौशाला भिजवाए

फरीदाबाद, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शहर में आवारा गोवंश की समस्या को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में स्पेशल सैनिटेशन ऑफिसर एशवीर सिंह ने बताया कि निगम की टीम ने पिछले 7 दिनों में शहर की 40 सडक़ों पर आवारा घूम रहे गोवंश को पकडक़र सुरक्षित रूप से गौशाला भिजवाया है। एशवीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई आमजन की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और गोवंश के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए की गई है। निगम की विशेष टीम द्वारा चिन्हित स्थानों जिनमें सेक्टर 64, आईएमटी एरिया,सेक्टर 18 मार्किट,चावला कॉलोनी बल्लबगढ़,सेक्टर 85,गांव मुजेसर से मिली शिकायतों पर अभियान चलाकर गोवंश को पकड़ा गया तथा संबंधित गौशालाओं में भेजा गया, जहां उनकी उचित देखभाल की जा रही है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह अभियान निरंतर जारी रखा जाए ताकि शहर में सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वे आवारा गोवंश की सूचना निगम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर



