Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

फरीदाबाद: नशे की हालत में युवक ने नहर में लगाई छलांग

नहर में सर्च ऑपरेशन ।

फरीदाबाद, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । फरीदाबाद में एत्मादपुर पुल के पास आगरा नहर में देर रात एक युवक ने नशे की हालत में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण रात में उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।

नहर में कूदने वाले युवक की पहचान 23 वर्षीय नवनीत के रूप में हुई है। उसके पिता उमेश सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे उनके बड़े बेटे ने फोन कर सूचना दी कि नवनीत एत्मादपुर पुल के पास नहर में कूद गया है। सूचना मिलते ही वे अपने बड़े बेटे के साथ मौके पर पहुंचे और पुल के आसपास नहर में तलाश की, लेकिन नवनीत नहीं मिला।

इसके बाद आपातकालीन नंबर पर सूचना दी गई, जिस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर युवक को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

मंगलवार सुबह पल्ला थाना और खेड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आपदा बचाव दल के साथ मिलकर दोबारा तलाश अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे तक नहर में खोजबीन की गई और लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र को खंगाला गया, लेकिन युवक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया। इस दौरान परिजन भी मौके पर मौजूद रहे। परिजनों के अनुसार, नवनीत अपने बड़े भाई और चाचा के बेटे के साथ सेक्टर-31 गया था, जहां तीनों ने शराब पी। इसके बाद वे मोटरसाइकिल से एत्मादपुर पुल पहुंचे। रास्ते में नवनीत ने पहले पेशाब के बहाने गाड़ी रुकवाई और कुछ दूरी चलने के बाद दोबारा गाड़ी रुकवाकर अचानक पुल से नहर में छलांग लगा दी। नवनीत को बचाने के लिए उसका बड़ा भाई और चचेरा भाई भी नहर में कूद गए, लेकिन अंधेरा ज्यादा होने के कारण वे उसे नहीं बचा सके।

—————

(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *