Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JAMMU & KASHMIR

जम्मू में घुसपैठ की आशंका, सुरक्षा बलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान किया तेज

सीमा पार से घुसपैठ के संभावित प्रयास की खुफिया जानकारी मिलने के बाद जम्मू क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान तेज

जम्मू, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । घने कोहरे के बीच सीमा पार से आतंकवादियों की संभावित घुसपैठ की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने जम्मू क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियानों को तेज कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, कठुआ, सांबा, जम्मू और राजौरी जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास विभिन्न स्थानों पर पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सेना के जवान संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही किश्तवाड़ जिले के छत्रू वन क्षेत्र में भी सघन तलाशी जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दो दिनों से कठुआ–सांबा–जम्मू सेक्टर में हीरानगर, घगवाल, रामगढ़ और अखनूर के सामने सीमा पर स्थित लॉन्च पैड्स पर संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियां देखी गई हैं। संभावित घुसपैठ को विफल करने के लिए कठुआ जिले के बोबिया सीमा चौकी, टप्पन, मरीद, पहाड़पुर, पंसार, मनियारी, तरना नाला, बेन नाला, किशनपुर कंडी, चक छब्बे, डोलका साम्याल और रुख-ए-सरकार क्षेत्रों में घेराबंदी व तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

इसके अलावा सांबा जिले के बाबर नाला, पलोरा, त्रयाल, मानसर, चिल्ला डांगा तथा अखनूर सेक्टर के प्रागवाल और आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम और घने कोहरे के बावजूद क्षेत्र में सुरक्षा नियंत्रण बनाए रखने के लिए ये अभियान लगातार जारी हैं। राजौरी जिले में भी किसी भी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

इस बीच शुक्रवार को चलाए गए एक तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने चार ग्रेनेड भी बरामद किए हैं।———–

(Udaipur Kiran) / बलवान सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *