Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

बाड़मेर में दो ट्रेलरों की भीषण टक्कर, एक चालक जिंदा जला, दो गंभीर घायल

बाड़मेर, 25 अगस्त (Kiran News)। बाड़मेर-जालोर बॉर्डर पर लूणवा जागीर गांव के पास रविवार रात बागोड़ा-सायला मार्ग पर दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों ट्रेलरों में भीषण आग लग गई, जिसमें एक चालक जिंदा जल गया। वहीं, दूसरे ट्रेलर से दो युवकों को स्थानीय लोगों ने खींचकर बाहर निकाला। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें भीनमाल अस्पताल रेफर किया गया है।

यह हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। टक्कर के बाद तेज धमाके के साथ आग ने दोनों ट्रेलरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही गुड़ामालानी पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में दोनों ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर में चावल भरा था, जबकि दूसरे ट्रेलर में गुजरात के मोरबी से लाई जा रही टाइल्स और टावर का सामान लदा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

थानाधिकारी देवीचंद ढाका ने बताया कि हादसे में एक चालक की मौत हो गई है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है। वहीं, दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *