Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

ऑनलाइन निवेश के नाम पर कारोबारी से 15.50 लाख की ठगी, एफआईआर

Froud

शिमला, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी शिमला में शेयर निवेश के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। एक कारोबारी को व्हाट्सऐप के जरिए निवेश का लालच देकर 15 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई है। इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज शिमला में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इसे लेकर कारोबारी ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि 31 अक्तूबर 2025 को उनके व्हाट्सऐप पर एक संदेश आया, जिसमें उन्हें एनबी ग्रुप नाम के एक ऐप से जुड़ने का निमंत्रण दिया गया। इस ग्रुप में उन्हें बल्क शेयर डील के जरिए कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया।

कारोबारी ने बताया कि ग्रुप से जुड़े लोगों के कहने पर उन्होंने अलग-अलग तारीखों में कुल 15 लाख 50 हजार रुपये निवेश कर दिए। शुरुआत में भरोसा दिलाने के लिए उन्हें 1.50 लाख रुपये निकालने की अनुमति दी गई और यह राशि उनके खाते में भी आ गई। इससे उनका विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद जब उन्होंने 7 लाख रुपये निकालने की कोशिश की तो अचानक उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया गया और उनसे और पैसे जमा कराने को कहा गया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि संदेह होने पर उन्होंने एनबी ग्रुप से जुड़ी जानकारी की जांच की। बाद में उन्हें ई-मेल के माध्यम से असली निर्मल बंग ग्रुप की ओर से पुष्टि मिली कि यह ऐप और व्हाट्सऐप ग्रुप फर्जी है और उनकी कंपनी के नाम का गलत इस्तेमाल कर लोगों से ठगी की जा रही है।

इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और ऑनलाइन ठगी से जुड़े आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप्स के जरिए मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें और बिना जांच-पड़ताल के किसी को भी पैसे न भेजें।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *