Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

गरमपानी सहकारी समिति में वित्तीय अनियमितता उजागर, प्राथमिकी दर्ज

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल।

नैनीताल, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जनपद नैनीताल के गरमपानी क्षेत्र स्थित बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड गरमपानी में ग्रामीणों की जमा धनराशि से जुड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रकरण में समिति कर्मचारी एवं मिनी बैंक प्रभारी आनंद सिंह पनौरा निवासी ग्राम धनियाकोट मल्ला कोट पर ग्रामीण बचत केंद्र गरमपानी में सदस्यों की जमा राशि में अनियमितता करने और धन वापस न करने के आरोप हैं। यह शिकायत 17 दिसंबर को ‘जन जन की सरकार, जन जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत महिला सभागार छड़ा खैरना में जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समिति गरमपानी के सचिव गोपाल सिंह रौतेला एवं हीरा सिंह, देवेंद्र सिंह, पूरन सिंह व हरदयाल सिंह की शिकायत पर कोतवाली भवाली में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि आम जनता की मेहनत की कमाई के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *