Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

फरीदाबाद : कबाड़ी मार्केट के गोदामों में लगी आग, लाखों का नुकसान

गोदाम में जलते सामान का दृश्य।

फरीदाबाद, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । गोछी गांव के पास जीवन नगर पार्ट-2 में गंदे नाले के किनारे बनी कबाड़ी मार्केट में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग कबाडिय़ों द्वारा बनाए गए छोटे-छोटे गोदामों में रखे गत्ते, फोम, थर्माकोल, प्लास्टिक की कटी पन्नियों और अन्य स्क्रैप सामग्री में लगी, जो कुछ ही देर में आसपास रखे कबाड़ तक फैल गई। आग लगते ही इलाके में तेज काला धुआं फैल गया और लपटें दूर से दिखाई देने लगी। जलते कबाड़ की आवाजें सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शी रविंद्र, प्रदीप और सोनू ने बताया कि नाले के किनारे बने करीब 6 से 7 छोटे गोदाम आग की चपेट में आ चुके थे और आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 की ईआरवी टीम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के करीब 10 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। इसके बाद एक-एक कर कुल 5 से 6 फायर गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गईं। एनआईटी फायर स्टेशन के अधिकारी सुखविंदर यादव ने बताया कि दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायर विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। बताया गया कि कबाड़ी यहां प्लास्टिक, गत्ता, फोम, थर्माकोल और लोहे का स्क्रैप इक्कठा करते हैं, जिसे बाद में अन्य स्थानों पर भेजा जाता है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति की शरारत या जलती हुई वस्तु फेंके जाने से आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस आग की चपेट में आने से कबाडिय़ों का लाखों रुपए का स्क्रैप जलकर खाक हो गया। आसपास पड़े कूड़े में भी आग फैल गई, जिससे इलाके में बदबूदार धुआं भर गया और लोगों को कुछ घंटों तक सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *