Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
DELHI

मोहल्ला क्लिनिक एवं झुग्गियों में लगी आग

आग की फोटो

नई दिल्ली, 03 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के दो अलग-अलग इलाकों में बुधवार शाम आग लग गई। पहली घटना यमुना विहार की है। यहां बंद पड़े मोहल्ला क्लिनिक में आग लगी। दमकल ने एक घंटे के भीतर आग पर काबू पाया जबकि पीतमपुरा स्थित झुग्गियों में आग लगी। खबर लिखे जाने तक दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी थी।

दमकल विभाग के अनुसार पहली घटना यमुना विहार की है। यहां बुधावर दोपहर करीब 4.20 बजे सूचना मिली कि मोहल्ला क्लिनिक में आग लग गई है। सूचना मिलते ही तीन दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम करीब 4:00 बजे मोहल्ला क्लीनिक के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग भड़कने लगी और क्लीनिक के पोर्टा केबिन से लपटें बाहर निकलने लगीं। लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को मामले की सूचना दी।

दमकल अधिकारियों ने बताया कि बंद पड़ा यह मोहल्ला क्लीनिक पोर्टा केबिन में बनाया गया था। ऐसे पोर्टा केबिन आमतौर पर शीट, फाइबर और हल्के ढांचे से बने होते हैं, जिनमें आग तेजी से फैलने की संभावना रहती है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि क्लीनिक बंद होने के बावजूद भीतर रखे कुछ सामान, वायरिंग या सामग्री ने आग को तेज पकड़ने में भूमिका निभाई होगी। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

दूसरी घटना पीतमपुरा की है। दमकल विभाग के मुताबिक शाम करीब 5.25 बजे दमकल कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक पीतमपुरा स्थित झुग्गियों में आग लग गई है। मामले की सूचना मिलते ही एक-एक कर दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल अधिकारियों का कहना है कि अभी आग बुझाने का कार्य जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *