दस किलो 400 ग्राम गांजा और अवैध हथियार के साथ पांच अन्तरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बांदा, 03 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों पर नियंत्रण लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नरैनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान पाँच अन्तरराज्यीय तस्करों को दबोच लिया। इनके पास से 10 किलो 400 ग्राम अवैध सूखा गांजा, 315 बोर का अवैध तमंचा, जिन्दा कारतूस तथा तस्करी में प्रयुक्त चारपहिया व मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना प्रभारी संदीप कुमार तिवारी ने बुधवार को बताया कि देर रात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि नरैनी–कालिंजर रोड पेट्रोल पम्प के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। सूचना पर तत्काल दबिश देते हुए पुलिस टीम ने पाँचों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान चारपहिया वाहन की डिग्गी से भारी मात्रा में सूखा गांजा मिला, जबकि एक अभियुक्त के पास से अवैध तमंचा व जिन्दा कारतूस बरामद हुआ। सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर थाना नरैनी में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक पुत्र रजनीश निवासी ग्राम उजरौधा थाना रैगाँव जनपद सतना (म0प्र0), शैलेन्द्र पुत्र सुरेन्द्र निवासी पन्ना रोड उमरी हनुमान मंदिर थाना कोतवाली नगर जनपद सतना (म0प्र0), बुध्दविलास पुत्र बोधन निवासी ग्राम गढ़ाव थाना बिसन्ड़ा जनपद बांदा, महिपत पुत्र मूलचन्द्र निवासी ग्राम बड़ेहा थाना कोतवाली देहात जनपद बांदा और अभिलाष पुत्र बीरेन्द्र निवासी ग्राम खरौली थाना कमासिन जनपद बांदा शामिल हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह



