Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

स्वर्णमयी अन्नपूर्णा मंदिर में दो दिनों में पांच लाख श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई,51 दीप अर्पित

स्वर्णमयी अन्नपूर्णा के समक्ष दीपदान करते महंत
मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़

-तीसरे दिन भी दरबार में भक्तों की लगी लंबी कतार, अन्नकूट की तैयारी भी पूरी

वाराणसी, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा मंदिर में पिछले दो दिनों में पॉच लाख श्रद्धालु मां के स्वर्णमयी विग्रह का दर्शन पूजन कर चुके है। दरबार में लगातार तीसरे दिन ज्योतिपर्व दीपावली पर भी श्रद्धालुओं का रेला दर्शन पूजन के लिए उमड़ता रहा। मंदिर में सोमवार देर शाम महंत शंकरपुरी ने स्वर्णमयी अन्नपूर्णा के विग्रह के समक्ष 51 दीप अर्पित कर देश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान अन्य भक्तों ने भी माता के दरबार में दीप दान किया। महंत शंकरपुरी ने बताया कि दीप ज्योति की तरह हमारा देश जगमगाता रहे, स्वर्णमयी देवी अन्नपूर्णा की कृपा से देश में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे,इसी कामना के साथ दीपदान किया गया। मंदिर में धनतेरस के तीसरे दिन भी दर्शन करने वालों की लंबी कतार दिखी, सुबह चार बजे से भक्त कतार में होकर दर्शन को जा रहे थे। लाइन गेट नंबर एक से होते हुए बॉसफाटक से आगे पहुंच चुकी थी।

-अन्नकूट की तैयारी पूरी

अन्नपूर्णा मंदिर के प्रबंधक काशी मिश्रा ने बताया कि अन्नकूट की तैयारी भी पूरी हो चली है। सैकड़ों कारीगरों द्वारा पूर्वांचल के कोने-कोने से आकर अन्नकूट प्रसाद तैयार किया जा रहा है। इस बार माता की अन्नकूट झांकी विशेष होगी। उन्होंने बताया कि मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को मां अन्नपूर्णेश्वरी के ‘खजाने’ के रूप में चावल, धान का लावा और अठन्नी (सिक्का) दिया जाता है। काशी में मान्यता है कि इस अठन्नी को जो भक्त अपने धन स्थान या लॉकर में रखता है, उसके घर में पूरे वर्ष धन-धान्य की कमी नहीं होती। गौरतलब हो कि मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयह प्रतिमा के दर्शन के लिए मंदिर का पट केवल धनतेरस से भाई दूज तक ही खुलता है। श्रद्धालु अभी दो दिनों तक मां अन्नपूर्णा, महालक्ष्मी, भूदेवी और भगवान महादेव के रजत विग्रहों के दर्शन कर सकेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *