Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

नदिया में कोहरे ने बिगाड़ा पीएम मोदी का कार्यक्रम, कोलकाता से दिया वर्चुअल संदेश

पीएम

कोलकाता, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । खराब मौसम और घने कोहरे की वजह से पश्चिम बंगाल में नदिया जिले के ताहेरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्धारित कार्यक्रम पूरा नहीं हो सका। शनिवार को प्रधानमंत्री का हेलिकॉप्टर ताहेरपुर में सभा स्थल के पास बने हेलीपैड के करीब आने के बावजूद उतर नहीं पाया, जिसके कारण उन्हें वापस कोलकाता लौटना पड़ा। इसके बाद प्रधानमंत्री ने कोलकाता से ही ऑडियो संदेश के जरिए ताहेरपुर में सभा स्थल पर जुटी जनता को संबोधित किया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री वायुसेना के हेलिकॉप्टर से दमदम स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ताहेरपुर के लिए रवाना हुए थे। लेकिन सभास्थल के पास खराब दृश्यता और घने कोहरे के कारण हेलिकॉप्टर की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए हेलिकॉप्टर को बीच रास्ते से ही वापस कोलकाता हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।

हेलिकॉप्टर से उतरने में असफल रहने के बाद प्रशासनिक स्तर पर प्रधानमंत्री को सड़क मार्ग से ताहेरपुर ले जाने के विकल्प पर चर्चा शुरू हुई। लगभग 90 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। कल्याणी एक्सप्रेसवे के उपयोग की योजना बनाई गई थी और 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी वैकल्पिक मार्ग के रूप में तैयार रखा गया था। जिला ट्रैफिक पुलिस और प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़े अधिकारी लगातार हालात का जायजा ले रहे थे।

हालांकि, अंत में सड़क मार्ग से ताहेरपुर पहुंचने की योजना को भी रद्द कर दिया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता से ही ऑडियो संदेश के जरिए ताहेरपुर की जनसभा को संबोधित किया।

इससे पहले ही ताहेरपुर की जनसभा में राज्य भाजपा अध्यक्ष ने मंच से जानकारी दी थी कि खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से अपना संबोधन देंगे। कोहरे ने पूरे कार्यक्रम में खलल डाल दिया और ताहेरपुर में मोदी दर्शन का इंतजार कर रही भीड़ को निराश होना पड़ा। जैसे ही मंच से इस बात का ऐलान हुआ कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा स्थल पर नहीं आएंगे और वर्चुअल जरिए से संबोधन करेंगे, वहां मौजूद भीड़ काफी निराशा दिखी और लोग उठकर वापस जाने लगे थे।——————–

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *