Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

तकनीक और जागरूकता के साथ उपभोक्ताओं से सामंजस्य स्थापित करेगा खाद्य आयोग:एसपी कत्याल

मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन एसपी कत्याल।

मंडी, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश खाद्य आयोग के अध्यक्ष एसपी कत्याल ने कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्यान उपलब्ध हो, इसके लिए आयोग की कार्यप्रणाली में बदलाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज तक खाद्य आयोग आम उपभोक्ता की पहुंच से दूर रहा है। लेकिन अब उनका प्रयास रहेगा कि तकनीक और जागरूकता के माध्यम से उपभोक्ताओं के साथ सामंजस्य स्थापित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि शीघ्र ही आयाेग का हैल्पलाइन नंबर जारी करने के अलावा वैबसाइट भी तैयार की जाएगी। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए राज्य खाद्य आयोग केअध्यक्ष एसपी कत्याल ने कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली बदलाव करते हुए तकनीक को महत्व दिया जाएगा। वहीं पर प्रदेश की विभिन्न आंगनबाड़ियों और एमडीएम संचालकों का डाटा ऑन लाइन किया जाएगा। जिससे जांच के लिए जाने वाली टीमों और अन्य लोगों के लिए आंकड़े मुहैया करवाने में आसानी रहेगी।

उन्होंने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य, फूड एवं सेफ्टी के बीच समन्वय स्थापित करते हुए राज्य खाद्य आयोग एक कड़ी का काम करेगा। जिससे सभी विभागों के बीच तालमेल बना रहे और कार्य में भी तेजी आए। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न खाद्यानों की जांच के कार्य में तेजी लाने और इस दौरान लिए जाने वाले सैंपलों की रिपोर्ट यह सुनिश्चित किया जाए कि 15 या 20 दिनों के अंदर आ जाए। इसके अलावा पारदर्शिता के लिए आवश्यक है कि जो भी रिपोर्ट आती है उसे बिना किसी भेदभाव के सार्वजनिक किया जाए।

एसपी कत्याल ने कहा कि खाद्य आपूर्ति निगम एवं विभाग द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ आटे, चावल, खाद्य तेल, दालों आदि की आपूर्ति के लिए निर्धारित प्रक्रिया को लागू किया जाता है। इसके बाद ही आटा मिलों और अन्य फर्मों को आर्डर दिए जाते हैं। इसके बावजूद समय-समय पर विभिन्न स्तरों पर सैंपल भरे जाते हैं। उन्होंने बताया कि गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाता है। अगर कहीं पर भी गड़बड़ी पाई जाती है तो माल वापस कर दिया जाता है। यही नहीं उस फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि आयागे के कार्याें से लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्तरों पर सेमिनार और कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि स्ट्रीट बैंडर्स और अन्य छोटे कारोबारियों को भी जागरूक किया जा रहा है कि वे अपने काम में साफ-सफाई और स्वास्थ्य के मानकों का पूरा ध्यान रखें। जिससे वे अपना व्यवसाय कर रोजीरोटी भी कमा सकें और लोगों की सेहत से भी खिलवाड़ न हो। इस अवसर पर उनके साथ खाद्य आपूर्ति निगम के एरिया मैनेजर संजीव वर्मा और खाद्य-आपूर्ति अधिकारी पवन भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *