Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

‘गोट टूर ऑफ इंडिया’ के तहत हैदराबाद पहुंचे फुटबॉल दिग्गज लियोनेल मेसी, उप्पल स्टेडियम में खेला फ्रेंडली मैच

Messi match
Match2
Falaknuma palace

– मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी किया एक गोल

हैदराबाद, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । विश्व प्रसिद्ध फुटबॉल लीजेंड और अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी शनिवार शाम पहली बार हैदराबाद पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही शहर में फुटबॉल प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मेसी ने शहर के प्रतिष्ठित फलकनुमा पैलेस होटल में आयोजित ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जिसके बाद उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एक विशेष एग्जीबिशन फुटबॉल मैच खेला गया।

‘गोट कप’ नाम से आयोजित इस फ्रेंडली मुकाबले में मेसी की टीम और सिंगरेनी आरआर के बीच मैच खेला गया। इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मैदान में उतरे और उन्होंने अपनी टीम की ओर से एक गोल दागा, जबकि मेसी ने भी एक शानदार गोल कर दर्शकों का दिल जीता। मैच से पहले मेसी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। मेसी ने दर्शक दीर्घा में मौजूद प्रशंसकों की ओर एक फुटबॉल किक कर उन्हें उपहार स्वरूप दिया, जिससे स्टेडियम में मौजूद फैंस झूम उठे।

मैच देखने के लिए उप्पल स्टेडियम में भारी संख्या में दर्शक पहुंचे। अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।

कोलकाता में हाल ही में हुए घटनाक्रम को देखते हुए हैदराबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। उप्पल स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। करीब 3,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की गई। केवल वैध टिकट धारकों को ही स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति दी गई थी। दर्शकों की सुविधा के लिए 34 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई। पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

उल्लेखनीय है कि लियोनेल मेसी ‘गोट टूर ऑफ इंडिया’ के तहत भारत दौरे पर हैं। उनका यह दौरा भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार पल माना जा रहा है, जिसने हैदराबाद को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर खास पहचान दिलाई है।

—————

(Udaipur Kiran) / नागराज राव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *